हाडौती हलचल न्यूज़ डिजिटल नेटवर्क
पिड़ावा। पिड़ावा थाना पुलिस ने अवैध हथियार रखने के मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक टोपीदार एक नाली बंदूक बरामद की है। पुलिस के अनुसार हथियार बिना वैध लाइसेंस के रखा गया था।
जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार (आईपीएस) ने बताया कि 10 फरवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर थाना पिड़ावा की टीम ने कच्चा रास्ता, माल सरखेडी क्षेत्र में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान सरखेडी निवासी भंवरसिंह (51) के पास से एक टोपीदार एक नाली बंदूक बरामद की गई। प्राथमिक जांच में हथियार का कोई वैध अनुज्ञापत्र प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बिना लाइसेंस हथियार रखना आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत दंडनीय अपराध है। इसी आधार पर हथियार जब्त कर संबंधित प्रकरण दर्ज किया गया है और मामले की जांच जारी है।
एसपी अमित कुमार ने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों और संगठित अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा के निर्देशन तथा वृत्ताधिकारी पिड़ावा पूजा नागर के सुपरविजन में थानाधिकारी रामपाल के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
कार्रवाई में एएसआई रईस मोहम्मद, एएसआई शंभूलाल, कांस्टेबल रामप्रकाश (560), आसूचना अधिकारी हेमराज (1356) तथा कांस्टेबल राहुल (1541) शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि टीम के सदस्यों की सतर्कता से यह सफलता मिली।
फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और बरामद हथियार की वैधानिक स्थिति की पुष्टि की जा रही है।

0 टिप्पणियाँ