HADOTI HULCHAL NEWS

HADOTI HULCHAL NEWS

मुख्यमंत्री ने झालावाड़ को दी विभिन्न विकास कार्यों की सौगातें, राज्य सरकार के 2 वर्ष के उपलक्ष्य पर झालावाड़ में महिला सशक्तीकरण सम्मेलन

नव उत्थान-नई पहचान, बढ़ता राजस्थान-हमारा राजस्थान, राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध, महिलाएं परिवार का आधार, राष्ट्र निर्माण की सच्ची शिल्पकार, नारी सशक्तीकरण से ही देश का विकास, अरावली पर्वतमाला के संरक्षण के लिए संकल्पित

hadoti hulchal

हाडौती हलचल न्यूज़ डिजिटल नेटवर्क

झालावाड़। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि हमारे देश की आधी आबादी महिलाओं के सशक्तीकरण से ही देश का विकास संभव है। महिला हमारे परिवार का आधार है और राष्ट्र निर्माण की सच्ची शिल्पकार है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास में महिला शक्ति अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है और हमारी सरकार भी महिला उत्थान के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी। श्री शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार अरावली पर्वतमाला के संरक्षण के लिए संकल्पित है। इस पर्वतमाला में किसी भी तरह की छेड़खानी नहीं होने दी जाएगी। 

सोमवार को राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में हो रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला में झालावाड़ के दुधालिया में आयोजित महिला सशक्तीकरण सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राजस्थान की धरा रानी पद्मिनी, रानी कर्णावती, हाड़ी रानी जैसी वीरांगनाओं की धरा है। इनके शौर्य एवं पराक्रम से राजस्थान वीरभूमि बना। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के गौरवशाली 2 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर हम प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में जाकर गरीब, युवा, महिला और किसान सहित हर वर्ग से संवाद कर रहे हैं। आज का यह कार्यक्रम एक सम्मेलन नहीं, बल्कि नारी शक्ति के सम्मान का उत्सव है। 

hadoti hulchal


मुख्यमंत्री ने की विभिन्न घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने बारां-झालावाड़ के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल के लिए 100 हैंडपंप, 50 ट्यूबवेल और 25 किलोमीटर पाइपलाइन से संबंधित कार्यों की घोषणा की। उन्होंने डग चौमहला क्षेत्र में छोटी कालीसिंध नदी पर बांध बनाने के लिये डीपीआर शीघ्र तैयार करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि डग में स्थित पशु अनुसंधान केन्द्र में स्वदेशी गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की जाएगी। इस केंद्र में मालवी और गिर गौवंश सहित अन्य स्थानीय नस्लों के संरक्षण, उन्नयन एवं सुधार के कार्य होने के साथ ही आधुनिक डेयरी, प्रजनन, कृत्रिम गर्भाधान आदि अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस परियोजना पर लगभग 15 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे।


नारी शक्ति - सामाजिक बदलाव की अग्रदूत

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। वे केवल घर ही नहीं संभालती, बल्कि देश-प्रदेश को सशक्त करने में भी अपना अमूल्य योगदान दे रही हैं। विशेष तौर पर ग्रामीण महिलाएं अपने सीमित संसाधनों में भी परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ी को संवारने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि खुरपी और दरांती से काम करने वाली महिलाओं के हाथ में आज टैबलेट और लैपटॉप आ गया है। साथ ही, स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही है तथा सामाजिक बदलाव की अग्रदूत भी बन रही हैं।

hadoti hulchal


पीएम मातृ वंदना योजना में 10 लाख गर्भवती महिलाएं लाभान्वित

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी डबल इंजन की सरकार ने पूरे प्रदेश में महिलाओं के उत्थान के लिए अनेक कदम उठाए हैं। प्रदेश में 19 लाख 45 हजार महिलाओं को प्रशिक्षण प्रदान कर 12 लाख से अधिक लखपति दीदी बनाई गईं। 10 लाख 51 हजार साइकिलें और 39 हजार 586 स्कूटियां छात्राओं को देकर बालिका शिक्षा को गति दी। साथ ही, राज्य सरकार 1 करोड़ 22 लाख महिलाओं एवं बालिकाओं को हर माह निःशुल्क सैनेटरी नैपकिन उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत देय राशि को बढ़ाकर 6 हजार 500 रुपये किया है। इसमें लगभग 10 लाख गर्भवती महिलाओं को लाभ मिला है। इसी प्रकार मा वाउचर योजना में 2 लाख 26 हजार महिलाओं को लाभ मिला है। राज्य में 500 कालिका पेट्रोलिंग यूनिट का गठन कर उनका प्रभावी संचालन किया जा रहा है। साथ ही, हमने प्रदेश में कानून व्यवस्था चाक-चौबंद की है, जिससे अपराध में उल्लेखनीय कमी आई है। 


झालावाड़ के विकास को दी गति

 शर्मा ने कहा कि हमने पिछले दो साल में झालावाड़ के विकास को गति प्रदान करने के लिए लगभग 1 हजार 900 करोड़ रुपये की लागत के 52 हजार से अधिक कार्य करवाए हैं। जिले में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को लगभग ढाई हजार करोड़ रुपये की राशि डीबीटी की गई है। उन्होंने कहा कि परवन वृहद् बहुद्देशीय सिंचाई परियोजना के बांध एवं टनल निर्माण, मनोहरथाना वृहद सिंचाई परियोजना के लिए 1 हजार 900 करोड़ रुपये के कार्यों की स्वीकृति सहित अनेक विकास कार्य जिले में करवाए गए हैं। इसी तरह डग विधानसभा में भी सड़क, विद्युत, बुनियादी ढांचा, चिकित्सा, शिक्षा सहित प्रत्येक क्षेत्र में विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। 

hadoti hulchal


मुख्यमंत्री प्रदेश को ले जा रहे नई ऊंचाइयों पर - राजे

पूर्व मुख्यमंत्री  वसुंधरा राजे ने कहा कि जनप्रिय मुख्यमंत्री श्री शर्मा प्रदेश को नई ऊचाईयों पर ले जाने के सार्थक प्रयास कर रहे हैं। आज हमारा प्रदेश विकसित राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने महिलाओं के सशक्तीकरण की योजनाओं को गति प्रदान की है। छात्राओं को स्कूटी वितरण, किसान सम्मान निधि के अंतर्गत वार्षिक 9 हजार रुपये देने के साथ ही पेपरलीक पर सख्ती से लगाम लगाई है। झालावाड़ को भी विकास कार्यों की कई सौगातें दी गई हैं। सांसद श्री दुष्यंत सिंह ने राज्य सरकार के उल्लेखनीय कार्यों को रेखांकित किया। 

hadoti hulchal


78 लाख महिला लाभार्थियों के खातों में 187 करोड़ 59 लाख हस्तांतरित

जिले को मिली विभिन्न सौगातें

मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री रसोई गैस सब्सिडी योजना के तहत प्रदेशभर की 78 लाख महिला लाभार्थियों के खातों में 187 करोड़ 59 लाख और लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत 18 हजार लाभार्थियों के खातों में 2500-2500 रूपए की प्रथम किश्त की राशि हस्तांतरित की। श्री शर्मा ने राजीविका के दो स्वयं सहायता समूहों को 18 करोड़ 13 लाख ऋण के चैक वितरित किए। श्री शर्मा ने सार्वजनिक निर्माण विभाग के 259.60 करोड़ रुपये के 43 कार्यों का शिलान्यास एवं 115.74 करोड़ रुपये के 6 कार्यों का लोकार्पण किया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने दुधालिया गांव में महिलाओं द्वारा संचालित गौशाला, बायोगैस प्लांट एवं मियावाकी उद्यान का लोकार्पण किया। उन्होंने गोवर्धन गैस प्लांट का अवलोकन किया और सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी स्थल पर पांच दिव्यांग जनों को स्कूटी एवं दस स्कूली बालिकाओं को साइकिल वितरित की।  इस दौरान पंचायतीराज राज्य मंत्री एवं प्रभारी मंत्री ओटा राम देवासी, विधायक गोविन्द प्रसाद सहित विभिन्न जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ