HADOTI HULCHAL NEWS

HADOTI HULCHAL NEWS

अधिक मांग वाले क्षेत्रों में प्राथमिकता से करें खाद का वितरण, खाद वितरण वाले स्थानों पर पुलिस जाप्ते की होगी व्यवस्था

hadoti hulchal
हाडौती हलचल न्यूज़ डिजिटल नेटवर्क

सहकारी समितियों के माध्यम से उर्वरक वितरण को नियमित किया जाएगा, खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए बनाई जाएगी अस्थाई चौकिया, डीलर द्वारा लापरवाही बरतने पर लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया होगी

झालावाड़। रबी 2022-2023 हेतु खाद की उपलब्धता एवं वितरण कार्यक्रम के गुणवत्तापूर्ण उद्देश्यपरक समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए जिला कलक्टर डॉ. भारती दीक्षित की अध्यक्षता में खाद आपूर्तिकर्ता संस्थाओं एवं कृषि आदान विक्रेताओं की बैठक गुरूवार को मिनी सचिवालय में आयोजित की गई। जिला कलक्टर ने जिले में किसानों को खाद वितरण में खाद आपूर्तिकर्ता संस्थाओं एवं कृषि आदान विक्रेताओं को आ रही समस्याओं की समीक्षा करते हुए कृषि विभाग के उप निदेशक सत्येन्द्र पाठक को आवश्यक निर्देश प्रदान किए। जिला कलेक्टर ने कहा कि जिस क्षेत्र में खाद की अधिक मांग है उस क्षेत्र के डीलर्स को प्राथमिकता देते हुए खाद की आपूर्ति की जाए। साथ ही उन्होंने सहकारी समितियों के माध्यम से खाद वितरण को नियमित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि इस बात का भी विशेष ध्यान रखा जाए कि किसी एक ही डीलर को अत्यधिक मात्रा में खाद न दें। जिला कलक्टर ने विशेषकर इफको एवं सीएफसीएल के माध्यम से अधिक से अधिक खाद लेते हुए वितरण कार्य करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही विक्रेताओं की मांग पर जिला कलक्टर ने कहा कि आगामी दिनों में जहां भी आवश्यक होगा वहां खाद वितरण वाले स्थानों पर पुलिस जाप्ते की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही खाद राज्य की सीमा से बाहर न जाए इसके लिए भी अस्थाई चौकियां बनाई जाएंगी। जिससे खाद की कालाबाजारी पर भी रोक लगाई जा सकेगी। जिला कलक्टर ने कहा कि खाद वितरण के कार्य में अगर डीलर द्वारा किसी भी प्रकार की लापरवाही बरती जाती है तो उसका लाइसेंस निरस्त करने की कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। बैठक में राज्य जन अभाव अभियोग निराकरण समिति के सदस्य राजेश गुप्ता करावन, सीएफसीएल एरिया मैनेजर निकेश बाटलीवाल, इफको मुख्य प्रबंधक सोहन लाल जैन सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए डीलर्स उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ