HADOTI HULCHAL NEWS

HADOTI HULCHAL NEWS

वृहद वृक्षारोपण को लेकर बैठक आयोजित, जितना प्रकृति के पास जाते हैं उतना ही सुकून मिलता है- जिला कलेक्टर

 

hadoti hulchal
झालावाड़। वन मण्डल के अधीन वृहद वृक्षारोपण से संबंधित बैठक का आयोजन जिला कलक्टर डॉ. भारती दीक्षित की अध्यक्षता में शुक्रवार को झिर नर्सरी में किया गया। इस दौरान समस्त सरकारी विभागों में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम की रूपरेखा सहित अन्य बिन्दुओं पर चर्चा की गई।जिला कलक्टर ने कहा कि हम जितना प्रकृति के पास जाते हैं उतना ही सुकून मिलता है साथ ही तनाव भी कम होता है। उन्होंने कहा कि जिले में स्थित सरकारी विभाग जिनमें चारदीवारी बनी हुई है उनके अन्दर उचित स्थान चिन्हित कर एक साथ वन महोत्सव के रूप में वृक्षारोपण किया जाए। एक साथ बड़ी संख्या में वृक्षारोपण करने का उद्देश्य आमजन को पौधा लगाने एवं उनके संरक्षण के प्रति प्रेरित करना है। मिनी सचिवालय में सभी विभागों द्वारा चिन्हित स्थानों को गोद लिया जाकर उनमें वृक्षारोपण किया जाए एवं उनका संरक्षण किया जाए। वृक्षारोपण को लेकर सभी विभागों की एक प्रतियोगिता भी आयोजित करने का सुझाव दिया। 

hadoti hulchal

जिला परिषद् के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीनिधि बी.टी. ने कहा कि पंचायती राज विभाग द्वारा महात्मा गांधी नरेगा योजनान्तर्गत राज्यव्यापी वृहद् एवं व्यवस्थित वृक्षारोपण अभियान ‘‘बा-बापू वृक्षारोपण अभियान’’ के तहत 2 लाख पौधे लगाए गए थे। वहीं जिले में 17 नर्सरियों तैयार की गई है। इन्हीं नर्सरियों में तैयार पौधों से मनरेगा एवं राजीव गांधी जल संचय योजना के माध्यम से वृक्षारोपण किया जाएगा। उप वन संरक्षक संग्राम सिंह कटियार ने सभी विभागों, स्वयं सेवी संस्थाओं, आमजन से अपील की कि एक मंच पर आकर बड़ी संख्या में वृक्षारोपण करें। इससे लोग प्रेरित होंगे और वन संरक्षण का संदेश आगे प्रसारित होगा। उन्होंने कहा कि वन विभाग की 12 नर्सरियों में करीब 40 हजार पौधे उपलब्ध हैं।यातायात प्रभारी नीरज शर्मा ने कहा कि हमें वृक्षों के मित्र बनकर उनका संरक्षण का कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग भी वृक्षारोपण के कार्य में निरन्तर प्रयासरत रहा है और आगे भी रहेगा। इस दौरान विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों द्वारा वृक्षारोपण के क्षेत्र में किए गए कार्यों की जानकारी देते हुए कई सुझाव भी दिए गए। इस दौरान जिला स्तरीय अधिकारी, रोटरी क्लब, इनव्हील क्लब, लायन्स क्लब, प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन, पेंशनर समाज सहित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं सदस्य उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ